Chetan Sharma की टीम का BCCI ने किया पत्ता साफ तो विराट के फैन्स ने इसे कहा 'KARMA'

शुक्रवार 18 नवंबर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा Chetan Sharma को चयन समिति के अध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया गया, और सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि उनकी टीम के सदस्य देवाशीष मोहंती, सुनील जोशी, और हरविंदर सिंह को भी उनके पद से हटा दिया गया है। भारतीय टीम चेतन के कार्यकाल के दौरान 2021 में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण और T20 वर्ल्ड कप के फाइनल का सफर तय करने में नाकाम रही। इसके अतिरिक्त टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप, एशिया कप 2022 के दौरान भी सिर्फ निराशा ही हाथ लगी थी। विराट कोहली की कप्तानी को लेकर भी चेतन शर्मा के कार्यकाल में काफी विवाद उत्पन्न हुआ। इन्हीं कारणों के चलते BCCI द्वारा लिए गए इस फैसले से विराट कोहली के फैंस खुश नजर आ रहे हैं। चेतन शर्मा की अगुवाई वाली चार सदस्यीय राष्ट्रीय चयन समिति को फैंस द्वारा वनडे फॉर्मेट की कप्तानी से विराट कोहली को हटाने की घटना याद दिलाई गई।

विराट के फैंस‌ हुए खुश

दरअसल विराट कोहली ने T20 वर्ल्ड कप 2021 के समाप्त होने के बाद टी-20 फॉर्मेट की कप्तानी को छोड़ दिया था। हालांकि विराट टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान पद पर रहना चाहते थे, लेकिन व्हाइट बॉल के लिए चयन समिति द्वारा रोहित शर्मा को फुल टाइम कप्तानी सौंपने की तैयारियां कर ली गई थी। इन्हीं कारणों से वनडे की कप्तानी से विराट कोहली को हटा दिया गया, जिसके चलते इस साल की शुरुआत में विराट कोहली टेस्ट की कप्तानी भी छोड़ बैठे। विराट कोहली के फैंस को BCCI द्वारा चेतन शर्मा और उनकी टीम को बर्खास्त करने के कारण सुकून अवश्य मिला होगा।

राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के लिए आवेदन

राष्ट्रीय चयनकर्ता के रूप में चेतन (उत्तर क्षेत्र) हरविंदर सिंह (मध्य क्षेत्र) सुनील जोशी (दक्षिण क्षेत्र) और देवाशीष मोहंती (पूर्वी क्षेत्र) का कार्यकाल बहुत ही कम समय का रहा। जिनमें से कुछ चयनकर्ता 2020 में तो कुछ 2021 में नियुक्त किए गए थे। एक सीनियर राष्ट्रीय चयनकर्ता का अमूमन 4 साल अपने पद पर रह सकता है,और किन्ही कारणों के चलते इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। पश्चिम क्षेत्र से अभय कुरुविला के कार्यकाल समाप्त होने के बाद वहां पद पर कोई चयनकर्ता मौजूद नहीं था। शुक्रवार को BCCI द्वारा राष्ट्रीय चयनकर्ताओं (सीनियर पुरुष) के लिए आवेदन मंगाए गए हैं, और इसमें आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 नवंबर है।

Read Also:-FIFA World Cup 2022 की शुरुआत, हर टीम पाएगी 72 करोड़